
‘दो साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल’ के संकल्प के साथ सम्मेलन में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड एवं स्वर्ण कला बोर्ड की मांगें प्रमुखता से उठीं।
बिलासपुर।
जय जोहार सीजी न्यूज़ | संवाददाता: हरिराम देवांगन
प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा 28 जून 2026 को मंगला स्थित रामदेव लॉन में आयोजित सराफा महा सम्मेलन-2026 ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के पांच संभाग, 33 जिलों एवं 251 तहसीलों से हजारों सराफा व्यापारी, स्वर्णकार, कारीगर एवं हस्तशिल्पी शामिल हुए। बड़ी संख्या में कारोबारियों की उपस्थिति ने आयोजन को पूरी तरह सफल बनाया।
सम्मेलन के दौरान सराफा व्यापारी एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े शशिभूषण सोनी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा तथा बेमेतरा विधायक सुशांत शुक्ला से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सराफा व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर सार्थक चर्चा हुई। विधायक सुशांत शुक्ला ने सराफा व्यवसाय को संगठित करने के लिए एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मंच पर विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, हर्षवर्धन जैन, सुनील कुमार सोनी, पंकज अग्रवाल तथा कन्हैया सोनी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसोसिएशन की प्रमुख उपलब्धियां एवं मांगें:
‘दो साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल’ थीम पर आयोजित सम्मेलन में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड तथा स्वर्ण कला बोर्ड के गठन जैसी महत्वपूर्ण मांगों को उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। उपमुख्यमंत्री द्वय ने इन मांगों पर सरकार एवं प्रशासन के साथ विचार-विमर्श कर यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया।
सम्मेलन का समापन तीसरे वर्ष को और अधिक सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के संकल्प के साथ हुआ। प्रदेशभर से आए सराफा व्यापारियों, स्वर्णकारों एवं कुशल कारीगरों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस वर्ष के सम्मेलन को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक सफल एवं उपलब्धियों से भरपूर बना दिया।














