
जोहार छत्तीसगढ़ – राजपुर।
राजपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत कोटा गहना में अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आई 6 वर्षीय मासूम बच्ची की सांप के डसने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक और मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान करिश्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सेवारी के फफूंदी पारा की रहने वाली थी। वह कुछ दिनों के लिए अपने मामा के घर कोटा गहना आई हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात बच्ची परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान रात में एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया।
शुरुआत में किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी। कुछ समय बाद जब बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो परिजनों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ। इसके बाद घबराए परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। मासूम बच्ची की असमय मौत से गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में जिले में सांप के काटने से मौत का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता और भय का माहौल पैदा कर दिया है। बरसात के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भरने और नमी बढ़ने के कारण उनके आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
सावधानी जरूरी:
विशेषज्ञों के अनुसार बरसात के दिनों में जमीन पर सोने से बचें, सोने से पहले बिस्तर और आसपास की जगह की जांच करें, घर और आंगन को साफ रखें तथा सांप काटने की स्थिति में बिना देरी सीधे अस्पताल पहुंचें। झाड़-फूंक या घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।















