
सुहेला में किसान कांग्रेस की बैठक संपन्न, किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी
सुहेला। किसान कांग्रेस की बैठक सुहेला में आयोजित की गई, जिसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं, बढ़ती महंगाई, खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सरजू प्रसाद धृतलहरे ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण किसान बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध नहीं है, जबकि निजी दुकानों में ऊंचे दामों पर खाद बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।

धृतलहरे ने किसान कांग्रेस के नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि खेती का समय शुरू हो चुका है और अब किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जा चुका है तथा अब राज्यपाल के नाम भी ज्ञापन सौंपकर ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
पूर्व पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने किसानों के हित में भूपेश सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत चौथी किस्त तत्काल जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ चुके हैं तो धान के समर्थन मूल्य में भी वृद्धि होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अयाज अहमद फारूकी ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता को महंगाई, खाद-बीज की कमी तथा बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
बैठक को रामखेलावन शर्मा, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, संतोष चंद्राकर, सनी चंद्राकर और लखन साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन किसान ब्लॉक अध्यक्ष हरिश्चंद्र वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुहेला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप वर्मा ने किया।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सालिक सिंह ठाकुर, हेमू पटरे, गैंदु साहू, पुनाऊ साहू, आमिर जायसवाल, सुधू जायसवाल, भूलन वर्मा, रामखिलावन वर्मा, जय धुरंधर सहित किसान कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












