
संतोष यदु को शिवसेना छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी
बलौदाबाजार। शिवसेना में पुनः सक्रिय हुए तेजतर्रार नेता संतोष यदु को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए शिवसेना छत्तीसगढ़ का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद प्रदेशभर के शिवसैनिकों में उत्साह का माहौल है।
बताया गया कि पार्टी सुप्रीमो एकनाथ शिंदे एवं छत्तीसगढ़ राज्य प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। कई वर्षों तक शिवसेना से दूर रहने के बाद संतोष यदु ने पुनः पार्टी में वापसी की है। उनकी संगठन क्षमता और सक्रिय जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है।

नियुक्ति के बाद वरिष्ठ शिवसैनिकों ने संतोष यदु को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिवसेना का संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी गरीबों, मजदूरों, दबे-कुचले एवं असहाय लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को नई गति मिलेगी।
इसी क्रम में पार्टी ने अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की है। ठाकुर ओंकार सिंह गहलौत को प्रदेश संगठन मंत्री, मुकेश साहू एवं शिवचंद निर्मलकर को जिला महासचिव, अभय राम यादव, मनोज यदु, मुकेश कुमार साहू एवं अनिल वर्मा को जिला सचिव, घनाराम साहू को शक्ति ग्रामीण जिला प्रभारी, सतीश राठौर को कोरबा जिला प्रभारी, सूर्यप्रताप साहू को कसडोल ब्लॉक अध्यक्ष तथा मेलन यादव को सुहेला ब्लॉक प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी नेताओं ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन विस्तार एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।












