
मोपर में खुलेआम अवैध शराब बिक्री से बिगड़ रहा गांव का माहौल, ग्रामीणों में आक्रोश
अर्जुनी। सुहेला थाना क्षेत्र के ग्राम मोपर में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग को बार-बार शिकायत एवं जानकारी देने के बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे शराब माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के टावर तालाब, पिपराही रोड, आमाकोनी रोड सहित कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है और सामाजिक शांति प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में किसी भी समय आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है, जो नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। अवैध शराब के कारण घरेलू विवाद, सामाजिक विघटन तथा अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी होने की बात ग्रामीणों ने कही है।
एक बुजुर्ग ग्रामीण ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारे बच्चे बिगड़ रहे हैं, परिवार उजड़ रहे हैं और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं।” ग्रामीणों का आरोप है कि कभी-कभार केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है, जबकि अवैध कारोबार लगातार जारी रहता है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ग्राम मोपर में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव का माहौल फिर से शांत और सुरक्षित बन सके।












