
आवास प्लस 2.0 सर्वे में दावा-आपत्ति का मौका, पात्र हितग्राही करा सकेंगे सुधार
तिल्दा-नेवरा, रायपुर।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल सूची पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के लिए जनपद पंचायत द्वारा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा के नाम निर्धारित दावा/आपत्ति प्रपत्र जारी किया गया है।
जारी प्रपत्र के अनुसार, यदि किसी पात्र हितग्राही का नाम सूची में छूट गया है अथवा सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। आवेदन में हितग्राही का नाम, आधार नंबर, आवास प्लस 2.0 आईडी क्रमांक तथा दावा/आपत्ति का स्पष्ट कारण दर्ज करना होगा।

दावा/आपत्ति प्रस्तुत करने वाले आवेदक को अपने हस्ताक्षर, नाम, मोबाइल नंबर एवं ग्राम पंचायत का विवरण भी देना होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच ग्राम सभा एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। पात्र पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पंचायत ने सभी पात्र ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके नाम से संबंधित कोई त्रुटि या आपत्ति हो, तो समय-सीमा के भीतर निर्धारित प्रपत्र भरकर संबंधित ग्राम पंचायत अथवा जनपद पंचायत कार्यालय में जमा करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।














