
कोनी की शासकीय राशन दुकान में 222 क्विंटल चावल बेचने का आरोप, उपसरपंच ने SDM से की जांच की मांग
मस्तूरी। ग्राम पंचायत कोनी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़ी अनियमितता का आरोप सामने आया है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मस्तूरी को लिखित शिकायत सौंपकर राशन दुकान के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत कोनी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में दुकान आईडी क्रमांक 2003 के माध्यम से राशन वितरण किया जाता है। शिकायत में दुकान संचालक ईश्वर पोर्ते पर स्टॉक में उपलब्ध चावल में से बड़ी मात्रा में चावल बेच दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि दुकान का कुल आवंटन 245 क्विंटल चावल का था, लेकिन आरोप है कि इसमें से लगभग 222 क्विंटल चावल बेच दिया गया। इसके कारण वर्तमान में दुकान में पर्याप्त चावल उपलब्ध नहीं होने से राशन लेने वाले हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ई-पॉस मशीन के माध्यम से आगामी माह के राशन का उठाव दिखाकर अगले माह के चावल को भी बिलिंग किए जाने की स्थिति सामने आ रही है। इससे राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं।
उपसरपंच ने अपने आवेदन में कहा है कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन नहीं मिलने से वे परेशान हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दुकान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में राशन दुकान के वास्तविक स्टॉक एवं वितरण का क्या सच सामने आता है।
नोट: यह खबर शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


















