
धरसींवा में जुटेंगे प्रदेशभर के पत्रकार, पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में करेंगे प्रदर्शन
तिल्दा-नेवरा, 23 जून। प्रदेश में पत्रकारों के खिलाफ कथित पुलिसिया कार्रवाई, फर्जी एफआईआर और उत्पीड़न के विरोध में विभिन्न पत्रकार संगठन लामबंद हो रहे हैं। इसी कड़ी में 23 जून को रायपुर जिले के धरसींवा में प्रदेशभर के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण सभा आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय, ग्रामीण एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सभा के बाद पत्रकार पैदल मार्च निकालकर धरसींवा थाना पहुंचेंगे तथा गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्ररथ गर्व ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को कई बार समाचार प्रकाशन और जनहित के मुद्दे उठाने के कारण राजनीतिक एवं प्रशासनिक दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पत्रकारों पर जबरन एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है, जिससे पत्रकारिता की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है।
पत्रकार संगठनों का कहना है कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। इसी मांग सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर धरसींवा में यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों ने प्रदेशभर के पत्रकारों से कार्यक्रम में शामिल होकर पत्रकार एकता का परिचय देने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की है।














