
आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 12.42 बल्क लीटर मदिरा जब्त
तिल्दा-नेवरा/रायपुर, 22 जून। आबकारी विभाग रायपुर ने अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर तिल्दा क्षेत्र में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा कुल 12.42 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जब्त की गई। वहीं ओवररेटिंग की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए तीन मदिरा दुकान कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया।

आबकारी विभाग को ग्राम तुलसी (मानपुर) निवासी प्रकाश सिरमौर के घर में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 38 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) बरामद की गई। कुल 6.84 बल्क लीटर मदिरा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा ग्राम कोहका निवासी विजय बंजारे एवं युवराज बंजारे के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर 5.58 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने ओवररेटिंग की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए तीन मदिरा दुकान कर्मचारियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत कार्रवाई कर उन्हें तत्काल सेवा से पृथक कर दिया।

उक्त प्रकरण आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अलेक्स एक्का, कमल कुंजाम, आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेंद्र मिश्रा, ऋत्विक खोबरागड़े, टीकम एवं वाहन चालक रेवाराम का विशेष योगदान रहा।














