
अल्दा-देवरी में प्रस्तावित आयरन फैक्ट्री के खिलाफ जनआक्रोश, हजारों ग्रामीणों ने किया तिल्दा थाना घेराव
तिल्दा-नेवरा। ग्राम अल्दा एवं देवरी में प्रस्तावित आयरन फैक्ट्री के विरोध में सोमवार को जनआक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। हजारों ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं ने तिल्दा थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में आंदोलन का माहौल बना रहा और समाचार लिखे जाने तक धरना-प्रदर्शन जारी था।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री स्थापना की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं तथा कथित रूप से फर्जी एनओसी (NOC) जारी की गई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रस्तावित फैक्ट्री से क्षेत्र के पर्यावरण, कृषि भूमि और स्थानीय जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भाटापारा विधायक इंद्र साव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी तथा किसान नेता तुकाराम चंद्रवंशी ने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि जनता की सहमति और हितों की अनदेखी कर किसी भी परियोजना को थोपना उचित नहीं है।

वहीं शिवसेना ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया। शिवसेना के मनहरण साहू, बद्री प्रसाद वर्मा, दिपक वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक धरना स्थल पर मौजूद रहे और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। थाना परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।












