
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा
तिल्दा-नेवरा/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा तिल्दा शहर मंडल द्वारा तिल्दा-नेवरा में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) संदीप शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सदस्य स्वाति वर्मा, डॉ. खुमान वर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर संदीप शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनधन योजना के माध्यम से गरीबों के बैंक खाते खुलवाए, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण कराया तथा उज्ज्वला योजना के जरिए लाखों परिवारों तक गैस सिलेंडर पहुंचाकर महिलाओं के जीवन को आसान बनाया।
उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीद और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही सड़क, रेल, मेट्रो, हवाई अड्डों और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में भी देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार देश के उन क्षेत्रों की पहचान कर विकास कार्यों को गति दे रही है, जहां अब तक विकास की रफ्तार धीमी रही है। उन्होंने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क नेटवर्क के विस्तार को विकास की रीढ़ बताया।
कार्यक्रम में भाजपा रायपुर ग्रामीण के जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, जिलाध्यक्ष श्याम नारंग, भाजपा जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल की अध्यक्ष एवं पार्षद रानी सौरभ जैन की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और वेब मीडिया से जुड़े पत्रकार भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। भाजपा तिल्दा शहर मंडल की ओर से उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया गया।












