
एपीएल अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स लिमिटेड के विस्तार प्रस्ताव पर हुई जनसुनवाई में ग्रामीणों ने रखा पक्ष
तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा सिमगा विकासखंड के ग्राम केसदा में मेसर्स एपीएल अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स लिमिटेड के विस्तार प्रस्ताव को लेकर आयोजित जनसुनवाई मंगलवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर दीप्ति गौते तथा क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रकाश राबड़े उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने कंपनी के विस्तार का समर्थन करते हुए क्षेत्र के विकास, प्रभावित भूमि का उचित मुआवजा, स्थानीय युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के अवसर, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न सुझाव और मांगें रखीं। सभी पक्षों ने अपने विचार शांतिपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए।
ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा आसपास के गांवों में समय-समय पर विकास कार्यों के साथ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे क्षेत्र को लाभ मिला है। इसी कारण बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विस्तार परियोजना के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
कंपनी की ओर से अधिकारी संतोष राय ने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों और सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें यथाशीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के तहत क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को आगे भी जारी रखेगी तथा स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जनसुनवाई के अंत में कंपनी प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पर्यावरण विभाग, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।












