
लक्ष्मण मस्तूरिया प्रतिमा चौक के लिए हुआ भूमिपूजन, जेसीपी पार्टी करेगी राज्य की पहली प्रतिमा स्थापना
मस्तूरी। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महान लोककवि स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तूरिया की प्रतिमा स्थापना के लिए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (जेसीपी) द्वारा मस्तूरी में भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पार्टी के बिलासपुर जिला अध्यक्ष शैलू छत्तीसगढ़िया ने बताया कि स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तूरिया की प्रतिमा राजिम, मस्तूरी, रायपुर अथवा बिलासपुर में स्थापित करने के लिए पार्टी पिछले पांच वर्षों से लगातार प्रयासरत थी। लंबे प्रयासों के बाद मस्तूरी में प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि चयनित कर भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ राज्यगीत एवं मस्तूरिया जी के जनजागरण से जुड़े गीतों का गायन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय महापुरुषों के साथ-साथ राज्य के उन महान व्यक्तित्वों को भी सम्मान मिलना चाहिए, जिन्होंने अपनी कला, साहित्य और संस्कृति के माध्यम से समाज को नई दिशा दी।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि भूमिपूजन के बाद प्रतिमा निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक छत्तीसगढ़िया को इस सांस्कृतिक अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से जनसहभागिता के माध्यम से प्रतिमा निर्माण के लिए सहयोग राशि एकत्रित करने की योजना भी बनाई गई है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने इसे छत्तीसगढ़ी अस्मिता, संस्कृति और लोककला के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।














