
ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की बैठक, पंजीयन व यातायात नियमों के पालन के दिए निर्देश
तिल्दा-नेवरा, 08 जून। थाना तिल्दा-नेवरा में क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दस्तावेजों एवं वाहनों का भौतिक सत्यापन किया गया। बैठक में उपस्थित चालकों को यूनिक नंबर पंजीयन, यातायात नियमों के पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे पंजीयन अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों का संपूर्ण रिकॉर्ड तैयार करना है, जिससे वाहन मालिकों और चालकों की जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि कई बार यात्रियों का सामान वाहन में छूट जाता है या किसी आपराधिक घटना में वाहन के उपयोग की स्थिति बनती है। ऐसे मामलों में पंजीयन डाटा की मदद से संबंधित वाहन और चालक तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
बैठक में सभी चालकों को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन नंबर एवं अन्य दस्तावेजों की जानकारी देकर शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना दस्तावेज वाहन न चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार रखने की समझाइश दी गई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जारी यूनिक नंबर एवं पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने तथा बिना पंजीयन वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में ऑटो चालक, ई-रिक्शा चालक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।












