
गांव का मुख्य मार्ग बना नाली, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण
कुरदा पंचायत का विकास मॉडल सवालों के घेरे में, वर्षों से नहीं मिली समस्या से निजात
चांपा। जिला उप मुख्यालय चांपा से महज कुछ दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत कुरदा में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य मार्ग और गलियों में वर्षों से नालियों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में घरों से निकलने वाला गंदा पानी उचित नाली व्यवस्था के अभाव में सीधे सड़कों के बीचों-बीच बहता है। हालात ऐसे हैं कि हजारों ग्रामीणों को प्रतिदिन इसी गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले डेढ़ दशक में जनप्रतिनिधि बदलते रहे, लेकिन गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों का आरोप है कि योजनाबद्ध नाली निर्माण के बजाय सड़कें इस प्रकार बनाई गई हैं कि घरों का दूषित पानी सीधे मार्गों पर बहता दिखाई देता है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जिला मुख्यालय के नजदीक बसे इस गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव क्यों बना हुआ है। उनका कहना है कि गांव की वर्तमान स्थिति विकास की बजाय अव्यवस्था की तस्वीर पेश कर रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गांव में समुचित नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कर लोगों को इस समस्या से शीघ्र राहत दिलाई जाए।

(ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में संबंधित पंचायत एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
जय जोहार सीजी न्यूज़
संवाददाता – हरिराम देवांगन














