
पिता के बाद बेटे ने भी दी भाजपा को मात, वार्ड 29 में कांग्रेस का दबदबा कायम
बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना मजबूत जनाधार साबित करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी शेख मोहम्मद आजम ने भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर विजय हासिल की।
मतगणना गुरुवार 4 जून 2026 को सुबह 9 बजे बृजेश हिंदी मीडियम स्कूल में शुरू हुई। दो टेबलों पर चार चरणों में हुई मतगणना के बाद लगभग एक घंटे में परिणाम घोषित कर दिया गया। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के शेख मोहम्मद आजम और भाजपा के वी. मधुसूदन राव के बीच था।
40 वर्षों से कांग्रेस का गढ़:
वार्ड क्रमांक 29 को लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। उपचुनाव में भी मतदाताओं ने कांग्रेस पर भरोसा जताते हुए पार्टी की परंपरागत बढ़त को बरकरार रखा। इस जीत की खास बात यह रही कि भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव को पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद स्वर्गीय शेख असलम ने चुनाव में हराया था और अब उनके पुत्र शेख मोहम्मद आजम ने भी उन्हें चुनावी मुकाबले में शिकस्त दी।
उपचुनाव का इतिहास:
वार्ड क्रमांक 29 में यह दूसरा उपचुनाव था। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे। बाद में सामान्य चुनाव में भी शेख असलम ने जीत दर्ज की। उनके निधन के बाद सीट रिक्त होने से एक बार फिर उपचुनाव कराया गया।

69.74 प्रतिशत मतदान:
1 जून 2026 को हुए मतदान में वार्ड के कुल 5255 मतदाताओं में से 3365 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें पुरुष और महिला मतदाताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। उपचुनाव में कुल 69.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे लोकतंत्र के प्रति जनता की जागरूकता और उत्साह का प्रतीक माना जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न:
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया और ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी जुलूस निकाला। शेख मोहम्मद आजम ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे वार्ड की जनता के विश्वास और आशीर्वाद की जीत है।

कांग्रेस नेताओं ने जीत का श्रेय वार्डवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पंकज सिंह परिहार, डी. क्वार्ट रेड्डी, राजा भाई, अनिल भाईजान सहित समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग को दिया।
परिणाम घोषित होने के बाद शेख मोहम्मद आजम अपने समर्थकों के साथ पूरे मोहल्ले में जनआशीर्वाद लेते हुए आतिशबाजी और बाजे-गाजे के साथ अपने निवास पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।













