
अवैध गांजा के खिलाफ नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिनों में तीन आरोपी गिरफ्तार
तिल्दा-नेवरा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो दिनों के भीतर अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर नेवरा पुलिस ने पटवारी कार्यालय तिल्दा के पास दबिश देकर एक महिला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 किलो 737 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बुधवार को रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक और कार्रवाई करते हुए 5 किलो 770 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में भारती बगवानी (37 वर्ष), निवासी सिंधी कैंप तिल्दा, तथा हिमालय वर्मा उर्फ प्रिंस एवं शिव वर्मा, दोनों निवासी बलौदाबाजार शामिल हैं।
नेवरा पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













