
लगातार बिजली कटौती से नाराज़ कांग्रेस ने बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन
बलौदा बाजार | जय जोहार सीजी न्यूज़
बलौदा बाजार नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और विभिन्न वार्डों में बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की शहर कांग्रेस कमेटी ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सेन के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आम जनता की परेशानियों से अवगत कराया।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि लगातार बिजली कटौती से आम नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई वार्डों में लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराब होने, जर्जर तारों तथा बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने मांग की कि नगर में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और सभी वार्डों की बिजली समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन और घेराव करने के लिए बाध्य होगी।

अधीक्षण अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान कांग्रेस महामंत्री नीरज बांधे, पार्षद सुभाष राव, सलमान शेख, मनीष वर्मा, गोविन्द पात्रे, अजय भारती, सुरेश धृतलहरे, सोहेल बारकती, नईम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














