
रेलवे कामगार मजदूर यूनियन व ट्रक मालिक संघ ने मांगों को लेकर कलेक्टर और डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर, 25 मई 2026। रेलवे कामगार मजदूर यूनियन एवं ट्रक मालिक संघ के संयुक्त नेतृत्व में बिलासपुर रैक पाइंट व्यापार विहार से कलेक्टर कार्यालय और डीआरएम कार्यालय तक रैली निकालकर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मजदूर, ट्रांस्पोर्टर एवं ड्राइवर शामिल हुए।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि उस्लापुर रैक पाइंट पर मजदूरों और ट्रांस्पोर्टरों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वहां बिजली, पानी, रेस्ट रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता बताई गई। यूनियन पदाधिकारियों ने मांग की कि प्रशासन रैक पाइंट पर कामगारों एवं ट्रांस्पोर्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों की बैठक कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।


वहीं डीआरएम बिलासपुर को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि जल्दबाजी में बंद किए गए बिलासपुर रैक पाइंट को बरसात तक पुनः प्रारंभ करने पर विचार किया जाए। साथ ही उस्लापुर रैक पाइंट पर सभी आवश्यक एवं मूलभूत सुविधाएं बहाल होने के बाद ही उसे पूरी तरह संचालित किया जाए।
डीआरएम ने भी प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर उच्च अधिकारियों से चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

रैली एवं प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के संरक्षक अभयनारायण राय, अध्यक्ष शत्रुघ्न रात्रे, महासचिव उबारन कुर्रे, विनोद रात्रे, हरपिंदर पाल, मकसूद हसन, गुरजीत सिंह धनोवा, मोहम्मद हसन, शहनवाज खान, गौतम तिवारी, लगनू यादव, अजय मनहर, विष्णु रजक, जशपाल सिंह राणा, रामसनेही, बलविंदर सिंह राय, आदिल खान सहित सैकड़ों मजदूर, ट्रांस्पोर्टर एवं ड्राइवर उपस्थित रहे।













