
भारतीय पेट्रोलियम कंपनी डीजल चोरी मामले में बड़ा खुलासा
ढाबा संचालक व टैंकर चालक गिरफ्तार, 950 लीटर डीजल सहित लाखों का सामान जब्त
सूरजपुर | जय जोहार सीजी न्यूज़
सूरजपुर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के डीजल चोरी मामले में कार्रवाई करते हुए एक ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 950 लीटर डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी में उपयोग किए जाने वाले उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 मई 2026 की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में डीजल चोरी का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के अनुसार ढाबा संचालक रविकांत यादव अपनी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक यूपी 67 एएम 9993 के साथ ढाबे में मौजूद था तथा उसके पीछे पहुंचे दो टैंकर वाहनों से डीजल निकाला जा रहा था। बताया गया कि टैंकर क्रमांक WB 78-5226 एवं NL 06 A 9129 मुगलसराय से लगभग 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर उड़ीसा जा रहे थे।
आरोप है कि दोनों टैंकर चालकों ने ढाबा संचालक के साथ मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर उसमें से डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अन्नपूर्णा ढाबा में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ढाबे के पीछे बने कमरे से 200 लीटर क्षमता वाले चार ड्रम, कई प्लास्टिक जरीकेन एवं अन्य पात्रों में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया गया। जब्त डीजल की कीमत लगभग 93 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से लोहे की छड़, प्लास्टिक पाइप, डीजल मापने का पात्र, कंटेनर में लगने वाले लोहे के कम्पाट, कटिंग मशीन सहित चोरी में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। साथ ही दोनों टैंकर और एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में लिया गया।
मामले में थाना प्रतापपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 316(3), 316(5) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव तथा टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














