
पलारी बस स्टैंड में किसान कांग्रेस का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
खाद-बीज की किल्लत और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
राष्ट्रीय किसान कांग्रेस के बैनर तले बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी बस स्टैंड चौक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सरजू प्रसाद घृतलहरे ने किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बढ़ती महंगाई, खाद-बीज की किल्लत तथा समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं होने को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
धरना प्रदर्शन के बाद किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार लिलाधर कंवर को सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों को समय पर खाद, बीज, यूरिया, ग्रोमोर, कृषि ऋण एवं फसल बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रीय किसान कांग्रेस द्वारा कलेक्टर कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष सरजू प्रसाद घृतलहरे ने कहा कि वर्तमान समय में किसान कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार किसानों की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय सहित विभिन्न विभागों में किसानों से जुड़े मामलों का निराकरण लंबित पड़ा हुआ है।
उन्होंने जिले के सभी किसान भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय किसान कांग्रेस से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर किसानों की आवाज को मजबूत बनाएं, ताकि सरकार तक किसानों की समस्याएं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ के किसान एकजुट होकर संघर्ष करेंगे तो किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान संभव होगा।
इस दौरान संत वर्मा, रामकुमार कोसले, मोहन वर्मा, दौलत साहू, शालेंज टंडन, देवेन्द्र सेन, बोधराम, विजय डिढी, पुनित भारतीय, संतोष यादव, धरम सिंह वर्मा, भक्त कुमार निराला, लिलाधर यादव सहित बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।














