
स्वच्छता अभियान के बाद नगरवासियों से जनअपील, स्वच्छ तिल्दा-नेवरा बनाने का संकल्प
तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा की अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा के नेतृत्व में आयोजित स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन स्थानों की सफाई की गई है, वहां दोबारा गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
जनअपील में कहा गया है कि कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन का उपयोग करें तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने में जिम्मेदारी निभाएं। प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता या फोटो तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य जनता में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने कहा कि जब जनता और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तभी वास्तविक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से तिल्दा-नेवरा को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाया जा सकता है।
नगरवासियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।













