
अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना को लेकर अध्यक्ष राज्य गौ सेवा आयोग ने लिया संज्ञान, दिए आवश्यक निर्देश
गौशाला परिसर के कायाकल्प की बड़ी संभावना
चांपा | जय जोहार सीजी न्यूज़ | संवाददाता – हरिराम देवांगन:
गौवंश के संवर्धन, संरक्षण, चिकित्सा एवं पंचगव्य आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल ने शुक्रवार 22 मई 2026 को श्री कृष्ण गौशाला चांपा पहुंचकर प्रस्तावित गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के संभावित स्थल का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर में पंचगव्य निर्माण, गौ अनुसंधान, नस्ल सुधार, गौ संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रस्तावित अनुसंधान केंद्र में गौ माता के गोबर एवं गोमूत्र से निर्मित पंचगव्य उत्पादों का परिशोधन एवं विस्तृत अनुसंधान किया जाएगा। साथ ही पंचगव्य आधारित औषधियों के निर्माण एवं उसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी किया जाएगा।
बताया गया कि इस केंद्र के माध्यम से गौ पालन एवं गौ सेवा के प्रति लोगों को प्रशिक्षित कर जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस मांग को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश कोमल पांडेय ने पूर्व में बिलासपुर प्रवास के दौरान आयोग अध्यक्ष विशेषर पटेल से सौजन्य मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था।
गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व राज्यसभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय की सांसद निधि से 10 लाख रुपए की लागत से श्री कृष्ण गौशाला चांपा में नवीन गौशाला भवन का निर्माण कराया जा चुका है। अब गौ अनुसंधान केंद्र की बहुप्रतीक्षित मांग भी साकार होती नजर आ रही है।
भाजपा नेता अखिलेश कोमल पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला परिसर में जल्द ही नवीन भवन, शेड, बाउंड्रीवाल एवं सौर ऊर्जा संयंत्र का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गौवंश को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद गौवंश की संख्या में वृद्धि के साथ पंचगव्य उत्पादन एवं अनुसंधान कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
इस अवसर पर पशु चिकित्सकों सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे। गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र की यह पहल श्री कृष्ण गौशाला चांपा के लिए एक बड़े परिवर्तन की शुरुआत मानी जा रही है, जिसे लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।














