
सीमेंट संयंत्र के खिलाफ ग्रामीणों का धरना, उपेक्षा और वादाखिलाफी का आरोप
हिरमी/ बलौदा बाजार। UltraTech Cement के मुख्य गेट के सामने मंगलवार को स्थानीय किसानों, मजदूरों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रभावित गांवों के लोग शामिल हुए।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी, स्थानीय लोगों की उपेक्षा और श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्लांट स्थापना के समय कंपनी द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में स्थानीय श्रमिकों को काम से निकाला जा रहा है और बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने किसानों की जमीन का उपयोग तो किया, लेकिन प्रभावित परिवारों को न तो उचित मुआवजा मिला और न ही स्थायी रोजगार। वहीं, सीएसआर मद के तहत क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने से भी लोगों में नाराजगी है।
धरना प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने निकाले गए सभी श्रमिकों को तत्काल काम पर वापस लेने, प्रभावित गांवों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
संवाददाता: दिलीप चतुरे की रिपोर्ट











