बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर ब्लॉक के बेलमुण्डी गांव स्थित शासकीय स्कूल परिसर की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गांव के नागरिकों, पालकों और युवाओं ने स्कूल की भूमि को सुरक्षित रखने की मांग करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल गांव के बच्चों के भविष्य का आधार है। यदि स्कूल परिसर की जमीन पर कब्जा होता है, तो बच्चों की पढ़ाई, खेलकूद और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा फर्जी तरीके से स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर बेलमुण्डी गांव में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्कूल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गांव का स्कूल केवल एक भवन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। यदि प्रशासन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं करता, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जिला स्तर पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल भूमि का तत्काल सीमांकन कर उसे सुरक्षित किया जाए, अवैध कब्जा करने का प्रयास करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो तथा स्कूल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों और स्कूलों को कब्जाखोरों के हवाले नहीं होने दिया जाएगा तथा बच्चों के भविष्य और शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।














