
देवरी-घुलघुल में कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा जनआक्रोश, जनसुनवाई में हुआ जोरदार विरोध
तिल्दा। ग्राम देवरी एवं घुलघुल में प्रस्तावित मेसर्स अग्रसेन स्टील एण्ड पावर लिमिटेड कंपनी के विरोध में गुरुवार को आयोजित लोक जनसुनवाई में ग्रामीणों का भारी जनआक्रोश देखने को मिला। जनसुनवाई में हजारों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने एक स्वर में कंपनी का विरोध करते हुए स्पष्ट कहा कि जल, जंगल, जमीन और छत्तीसगढ़ियों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने हाथों में विरोध पत्र लेकर प्रशासन एवं पर्यावरण विभाग के समक्ष अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना था कि पूरा गांव कंपनी के खिलाफ है और जनसुनवाई में किसी भी ग्रामीण ने कंपनी के पक्ष में अपनी बात नहीं रखी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उद्योग स्थापित होने से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ेगा, खेती-किसानी प्रभावित होगी, जल स्रोत दूषित होंगे तथा स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बाहरी कंपनियां छत्तीसगढ़ की जमीन और संसाधनों का दोहन कर रही हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि गांव की मर्जी के खिलाफ किसी भी कीमत पर उद्योग स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ डटे रहे।
कार्यक्रम में प्रशासन की ओर से एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, संबंधित थाना प्रभारी, पर्यावरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनसुनवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
ग्रामीणों ने कहा कि जब पूरा क्षेत्र कंपनी के खिलाफ खड़ा है, तो प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल इस परियोजना को निरस्त करना चाहिए।
📌 इसी प्रकार की ताजा खबरों के लिए जय जोहार सीजी न्यूज़ को Like, Share और Subscribe जरूर करें।
💬 अपनी राय Comment में जरूर बताएं।
📲 भ्रष्टाचार या जनसमस्या से जुड़ी कोई भी खबर, वीडियो या फोटो हमें Gmail और WhatsApp के माध्यम से भेज सकते हैं।
संवाददाता मनीषा शर्मा













