
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/3 माह से राशन नहीं मिलने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, एसडीएम कार्यालय में शिकायत
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिलपट्टी में पिछले तीन महीनों से राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सरपंच के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ट्रैक्टरों में सवार होकर तिल्दा पहुंचे और एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक गांव के लगभग 75 प्रतिशत लोगों को राशन का चावल नहीं मिला है। वहीं पिछले तीन महीनों से शक्कर और नमक का वितरण भी बंद है। इसके अलावा कई ग्रामीणों का फिंगरप्रिंट भी नहीं लिया गया है, जिससे वे राशन लेने से वंचित हैं।
सेल्समैन पर लापरवाही के आरोप:
सरपंच लोकेश कुमार कश्यप व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब सेल्समैन से इस संबंध में बात की जाती है तो वह टालमटोल करते हुए कहता है कि “जहां शिकायत करना है कर लो, कुछ नहीं होगा।” इस व्यवहार से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
अन्य गांवों में भी सामने आई समस्या: इसी तरह तिल्दा ब्लॉक के ग्राम सारारीडीह में भी राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। यहां सेल्समैन द्वारा लगातार सर्वर डाउन होने का हवाला देकर ग्रामीणों को गुमराह किया जा रहा है।
जांच और कार्रवाई की मांग:
सारारीडीह में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं सिलपट्टी के ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राशन मिल सके।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें _













