
हरिओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/ धरसीवां में भारत गैस सिलेंडर में 2-3 किलो कम भराव का आरोप, ग्रामीणों का विरोध – प्रशासन से कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने सौंपा ज्ञापन, उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा समय पर सिलेंडर
धरसीवां (रायपुर ग्रामीण)।
रायपुर जिले के धरसीवां क्षेत्र अंतर्गत सिलयारी में स्थित भारत गैस एजेंसी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडरों में निर्धारित मानक 14.200 किलो के स्थान पर 2 से 3 किलो तक कम गैस भरी जा रही है।
बताया जा रहा है कि 28 मार्च 2026 (शनिवार) को गैस रिफिलिंग वाहन (क्रमांक RJ43GA7630) गांव बरतोरी पहुंचा था, जहां ग्रामीण गैस भरवाने के लिए पहुंचे। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उनके गैस कार्ड में लंबे समय से सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है, जबकि शासन के निर्देशानुसार 45 दिन बाद सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया भी गया, लेकिन वजन जांचने पर उसमें 2 से 3 किलो तक गैस कम पाई गई। इस पर ग्रामीणों ने विरोध जताया, जिसके बाद गैस वाहन चालक मौके से भाग गया।
ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया और तर्रा गांव में उसे रुकवाया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एजेंसी संचालक से फोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
मामले को लेकर ग्रामीणों को सिलयारी चौकी बुलाया गया, लेकिन एजेंसी संचालक स्वयं उपस्थित नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।
इस पूरे मामले को लेकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।














