
संवाददाता राजू पाल/ सिमगा नगर पंचायत में कचरा प्रबंधन बदहाल, एनएच किनारे खुलेआम जल रहा कचरा
सिमगा। सिमगा नगर पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। नगर क्षेत्र में ठोस, द्रव, प्लास्टिक एवं चिकित्सकीय कचरा प्रबंधन में भारी लापरवाही सामने आई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर में कचरे का समुचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से लगे खुले स्थानों पर कचरा डंप किया जा रहा है और कई जगहों पर उसे खुलेआम जलाया जा रहा है। इससे उठने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि खुले में पड़े कचरे को मवेशी और आवारा कुत्ते खाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जा रहे दावे सिमगा में जमीनी स्तर पर फेल होते नजर आ रहे हैं।
नगर पंचायत की इस लापरवाही से पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और पशुओं की सुरक्षा—तीनों पर संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया है।
अब देखना होगा कि प्रशासन का यह आश्वासन जमीनी हकीकत में कब तक बदलता है।
वीडियो देखने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें..













