
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला शक्ति टीम का अभिनंदन
बलौदाबाजार। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिटी कोतवाली बलौदाबाजार परिसर में सोमवार 9 मार्च 2026 को एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शांति ज्योति समाजसेवी संस्थान हथबंद तथा महिला पतंजलि योग समिति बलौदाबाजार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें समाज सेवा, सुरक्षा, शांति और सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला शक्ति टीम का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सिटी कोतवाली परिसर में आयोजित हुआ। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, नागरिकों एवं महिला प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री अपूर्वा सिंह रहीं तथा थाना प्रभारी रितेश मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। दोनों अधिकारियों ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका तथा सुरक्षा और सेवा के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महिला शक्ति टीम बलौदाबाजार को समाज सेवा, जागरूकता, शांति व्यवस्था तथा जनहित के कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है और ऐसे कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं।

शांति ज्योति समाजसेवी संस्थान की अध्यक्ष अखिलेश्वरी शुक्ला एवं महिला पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, शांति, सहयोग और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है तथा महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मातृ शक्तियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में अपूर्वा सिंह (अनुविभागीय अधिकारी पुलिस), रितेश मिश्रा (थाना प्रभारी), पुष्पा राठौड़, अन्नपूर्णा बंजारे, अन्नपूर्णा वर्मा, नंदनी वर्मा, सरिता यादव, अंजली साहू, गीत लहरे, परवीन मल्होत्रा, शालिनी ज्योति, उत्तरा निराला, स्वाति साहू, अंजुला, सुषमा पांडे, संध्या वर्मा, स्वाति वर्मा, रजनी पटेल, प्रियंका आजाद सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में अनुपमा बंजारे (सहायक उपनिरीक्षक) ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं सशक्त और कर्मठ हैं। जब महिलाएं संगठित होकर कार्य करती हैं तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर प्रमोद शुक्ला (संचालक न्यू छत्तीसगढ़ स्कूल), प्रधान पाठक अखिलेश्वरी शुक्ला, मीना साहू, कुसुम साहू, दुर्गा यदु, आरती सराफ, सुशील सराफ (हिंदू जागरण मंच), हेमंत टिकरिहा (भारत स्वाभिमान अध्यक्ष, पतंजलि योग समिति) सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








