
चुंचरुंगपुर में 200 एकड़ खेतों में भीषण आग, ग्रामीणों में मचा हड़कंप – फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
पलारी / बलौदा बाजार।
पलारी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत चुंचरुंगपुर में शनिवार शाम करीब एक घंटे के भीतर लगभग 200 एकड़ खेतों में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि खेतों में लगी आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि ग्रामीणों को आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी से मदद मांगी गई, जिसके बाद कंपनी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग को धीरे-धीरे काबू में किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेतों में आग लगाने की कोशिश की गई थी। ग्राम पंचायत चुंचरुंगपुर के उपसरपंच परसादीराम सोनवानी ने बताया कि किसान अपने मवेशियों के लिए खेतों में पैरा (पराली) इकट्ठा कर रखे थे, जिसे कट्टी कटवाने के लिए सुरक्षित रखा गया था। आग लगने से मवेशियों के चारे को भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने यह भी बताया कि खेतों में कई प्रकार के छोटे-बड़े पशु, पक्षी और वन्य जीव भी रहते हैं, जिनके जीवन पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
उपसरपंच ने बताया कि होली पर्व के पहले गांव में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई गई थी कि कोई भी व्यक्ति लकड़ी, पेड़-पौधे या खेतों में आग नहीं लगाएगा। इसके बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाने की आशंका जताई जा रही है।
यदि आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान होती है तो उसके खिलाफ थाना सुहेला में रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।








