
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ तिल्दा नेवरा में होली-रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, हुड़दंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
तिल्दा नेवरा। 28 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व एवं मुस्लिम समुदाय के पवित्र माह रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को शाम 4 बजे थाना परिसर तिल्दा नेवरा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में सर्व समुदाय के प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, पुलिस मितान एवं ग्राम कोटवार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था या शांति भंग करने वाले व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में होली के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की गरिमा का विशेष ध्यान रखने, जबरन रंग न लगाने, कैमिकलयुक्त रंगों का प्रयोग न करने, मुखौटा पहनकर उपद्रव न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं जुलूस-रैली पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मोटरसाइकिल पर तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न, चिल्लाना-हूटिंग करना, धार्मिक स्थलों एवं मवेशियों पर रंग-गुलाल फेंकना सख्त मना रहेगा।
होलिका दहन के लिए लकड़ी या पेड़ काटकर चोरी न करने, शराब-भांग या अन्य नशे का सेवन कर हुड़दंग न करने, अनैतिक शब्दों का प्रयोग न करने तथा किसी से जबरन चंदा न लेने के निर्देश भी दिए गए। रंग-गुलाल विक्रेताओं को भी हानिकारक रसायनयुक्त रंगों की बिक्री न करने की हिदायत दी गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को होली और रमजान की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन ने शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। किसी भी विवाद या आपात स्थिति में तत्काल थाना तिल्दा नेवरा पेट्रोलिंग पार्टी, डायल 112 या कंट्रोल रूम को सूचना देने की सलाह दी गई।








