
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ होली पर्व के मद्देनज़र असामाजिक तत्वों को दी गई कड़ी चेतावनी, सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
तिल्दा नेवरा, 22 फरवरी 2026।
होली पर्व के दौरान शांति, कानून व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संभावित उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों को थाना तलब कर आवश्यक हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना अथवा स्टंट करने जैसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त नवयुवकों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक पोस्ट, भड़काऊ सामग्री या रील अपलोड न करने की सख्त चेतावनी दी गई है। थाना स्तर पर सोशल मीडिया निगरानी टीम गठित की गई है, जो लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखेगी।
थाना क्षेत्र में निवासरत ऐसे व्यक्तियों को, जिनके विरुद्ध पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता या सामाजिक शांति भंग करने की आशंका रही है, थाना में बुलाकर समझाइश दी गई। निगरानी, गुंडा एवं माफी मदमाश प्रवृत्ति के व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं पेट्रोलिंग की जा रही है।








