
संवाददाता हरी राम देवांगन/ रात्रि में घर घुसकर मारपीट के मामले में पुलिस की सख्त कार्रवाई
एक महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
प्रकरण में एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल
अकलतरा, 23 फरवरी 2026।
जय जोहार सीजी न्यूज़/ब्यूरो चीफ हरिराम देवांगन
थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत कोटमीसोनार में रात्रि के समय घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में एक विधि विरुद्ध बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार दिनांक 08 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 9:30 बजे आरोपियों ने एकराय होकर प्रार्थी शुभम यादव, निवासी स्कूल पारा कोटमीसोनार, के घर में घुसकर पुरानी रंजिश के चलते अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की माता के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 83/26 धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार केंवट (39 वर्ष), कन्या कुमारी केंवट (36 वर्ष), रामेश्वरम उर्फ परमेश्वर केंवट (28 वर्ष) एवं अजय केंवट (38 वर्ष), सभी निवासी कोटमीसोनार थाना अकलतरा क्षेत्र के हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।








