
हरिओम विश्वकर्मा की रिपोर्ट/ बलौदा बाजार में एसीबी की बड़ी कार्रवाई
जनपद पंचायत पलारी के एसडीओ ₹25,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बलौदा बाजार। जिले के जनपद पंचायत पलारी में गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को ₹25,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, एसडीओ द्वारा एक उपसरपंच से कथित रूप से ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि पंचायत के एक कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में यह रकम मांगी गई थी। उपसरपंच ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि तय राशि की पहली किस्त के रूप में ₹25,000 देने उपसरपंच जनपद कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही राशि सौंपी गई, पहले से तैनात एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर एसडीओ को रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किया जाएगा।
पंचायतों में मचा हड़कंप:
इस घटना के बाद आसपास की पंचायतों में हड़कंप की स्थिति है। ग्रामीणों का आरोप है कि रिश्वत नहीं देने के कारण कई पंचायतों के विकास कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि जांच निष्पक्ष रूप से की जाए तो और भी मामलों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल एसीबी की कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में सनसनी फैल गई है।








