
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ऑनलाइन सट्टा संचालन करते आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
1.80 लाख नकद, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज सहित 2.55 लाख का मशरूका जब्त
रायपुर (ग्रामीण), 15 फरवरी 2026
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान से आरोपी जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2026 को थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका में एक व्यक्ति द्वारा टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उक्त मकान में दबिश दी। रेड के दौरान मौके पर एक व्यक्ति उपस्थित मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला बताया।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर उसके द्वारा “777 ग्रैंड एक्सचेंज” एवं “JMD BET” आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना एवं खिलाना पाया गया। मौके से भारी मात्रा में नकद राशि एवं सट्टा से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,80,000 रुपये नकद, 03 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 75,000 रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, 02 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 01 ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टा हिसाब-किताब की 06 कॉपियां, 01 डाटा पेन एवं 01 कैलकुलेटर जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2,55,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा आरोपी के बैंक खातों की जांच की जा रही है तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला, पिता – हुकम सिंह, उम्र – 43 वर्ष
स्थायी पता – माजरा, थाना अरबन, जिला रोहतक (हरियाणा)
वर्तमान पता – हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, एलआईजी मकान नं. 45-बी, कोहका (किराये का मकान), थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर।








