
रामगोपाल जायसवाल की रिपोर्ट/ निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर दर्दनाक हादसा, युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, दो गंभीर
कोरबा।
जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार खाई में गिरकर तीन बार पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय तथा जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल शामिल हैं। दोनों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक एक अन्य युवक सवार थे। चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे।
कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार निर्माणाधीन खाईनुमा लेन में उतर गई। अधूरी सड़क पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। गिरने के बाद कार तीन बार पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल भोला साहू और राहुल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। वहीं, इस हादसे के बाद निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








