
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ रोड पर साइड नहीं देने को लेकर ट्रक चालक से मारपीट, 3 आरोपी गिरफ्तार
तिल्दा-नेवरा | रायपुर (ग्रामीण)
रोड पर साइड नहीं देने की मामूली बात को लेकर ट्रक चालक से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी ट्रक चालक दिनांक 03 फरवरी 2026 को अपनी ट्रक में धान लोड कर डी.के. राइस मिल, सिनोधा जा रहा था। शाम के समय ग्राम सिनोधा गांधी चौक में आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी कर दी थी।
जब ट्रक चालक ने हार्न बजाकर वाहन साइड करने को कहा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों एवं धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया, जिससे ट्रक चालक को चोटें आईं।
घटना की सूचना पर थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PD 5723 (अनुमानित कीमत ₹30,000) को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी :
1. धनंजय उर्फ अजय (21 वर्ष), पिता – संजय, निवासी – ग्राम सिनोधा
2. मधुकर निषाद उर्फ चोटी (20 वर्ष), पिता – पंचू निषाद, निवासी – ग्राम सिनोधा
3. एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








