
रामगोपाल जायसवाल की रिपोर्ट/ तिल्दा क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में तिल्दा थाना का घेराव
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने पुलिस प्रशासन को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
रायपुर, 18 जनवरी 2026।
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र (जिला रायपुर) में लगातार बढ़ते अपराध, नशाखोरी, ऑनलाइन सट्टेबाजी, हत्या, अपहरण एवं अन्य आपराधिक घटनाओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण द्वारा आज तिल्दा थाना का घेराव किया गया। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रदर्शन में पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, बलौदा बाजार विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी सहित रायपुर ग्रामीण व तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेसी कार्यकर्ता तिल्दा कांग्रेस भवन से पैदल मार्च करते हुए तिल्दा थाना पहुंचे, जहाँ उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ लेकर
“ऑनलाइन सट्टा बंद करो”, “बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार जवाब दे”, “नशा मुक्त तिल्दा बनाओ” जैसे नारे लगाए।
तिल्दा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का उल्लेख:
कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र में हाल के दिनों में घटित गंभीर घटनाओं का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए—
तिल्दा-नेवरा वार्ड क्रमांक 15 में ललित यादव की चाकू से गोदकर हत्या, जो नशे से जुड़े विवाद का परिणाम बताई गई।
तिल्दा सरोरा में शराब भट्टी कर्मचारियों का अपहरण—सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं।
पूरे तिल्दा क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी का खुलेआम संचालन, जिसके कारण युवा वर्ग चोरी, लूटपाट एवं अन्य अपराधों की ओर बढ़ रहा है।
अफीम, गांजा, हीरोइन एवं अवैध शराब की खुलेआम बिक्री; चौक-चौराहों पर नशेड़ियों का जमावड़ा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के शासनकाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

पत्रकार को धमकी का मुद्दा भी उठा:
जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि:
“पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होता है। तिल्दा क्षेत्र में पत्रकार धीरेंद्र कुमार जायसवाल को सच्ची खबर चलाने पर जान से मारने की धमकी दी गई है, जिसे कांग्रेस किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि पत्रकार को निष्पक्ष न्याय नहीं मिला, तो रायपुर में बड़ा धरना दिया जाएगा।”
इस दौरान तिल्दा-नेवरा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने एक स्वर में कहा—
“हम सब पत्रकार के साथ हैं।”
प्रमुख मांगें:
प्रदर्शन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने पुलिस प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखीं—
1. तिल्दा क्षेत्र में बढ़ते अपराध, नशाखोरी एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई।
2. नशे से जुड़ी घटनाओं (जैसे ललित यादव हत्याकांड) की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सूखे नशे के विक्रेताओं पर सख्त कार्यवाही।
3. शराब भट्टी अपहरण कांड की त्वरित जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी।
4. ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालकों, एजेंटों व खिलाड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई कर संबंधित ऐप/नेटवर्क को ब्लॉक कराया जाए।
5. पूरे क्षेत्र में नशे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए विशेष अभियान चलाया जाए।
7 दिन का अल्टीमेटम:
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को 7 दिन की समय-सीमा दी है। चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण तिल्दा क्षेत्र के नागरिकों के साथ मिलकर गृह मंत्री विजय शर्मा के आवास का घेराव करेगी।















