
संपादक राजू पाल/ रेलवे लाइन पर मिले बिना सिर के शव के अंधेकत्ल का खुलासा, पत्नी सहित 04 आरोपी गिरफ्तार
थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजगांव के पास रेलवे लाइन पर मिले बिना सिर के युवक के शव के अंधेकत्ल मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्या में शामिल मृतक की पत्नी, उसका मामा ससुर एवं दो सुपारी किलरों सहित कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पहचान छुपाने के उद्देश्य से हत्या के बाद युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। धड़ को रेलवे लाइन पर फेंका गया, जबकि सिर को ग्राम डिग्गी में जमीन खोदकर दबा दिया गया था।
हत्या का कारण:
मृतक द्वारा पत्नी के साथ लगातार विवाद, मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार किया जाना हत्या का मुख्य कारण बना। पत्नी ने सुनियोजित योजना बनाकर सुपारी किलरों के माध्यम से अपने पति की हत्या करवाई।
घटना का विवरण:
दिनांक 11.01.2026 को प्रातः लगभग 04:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मजगांव के पास हथबंद–भाटापारा रेलवे लाइन पर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो खंबा नंबर 771/23-25 के पास लगभग 30 वर्ष के युवक का बिना सिर का शव मिला। शव गले से कटा हुआ था और सिर मौके से गायब था।
मृतक ने हल्के नीले रंग की जींस पहनी हुई थी तथा उसके दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “G.K. JOSHI” गुदा हुआ था। थाना हथबंद में मर्ग क्रमांक 03/2026 दर्ज कर पीएम रिपोर्ट एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 20/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
शव की पहचान और जांच:
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बिना सिर के शव की पहचान थी। लगभग 80 पुलिसकर्मियों द्वारा 04 किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई, सोशल मीडिया एवं व्हाट्सऐप ग्रुप में शव का हुलिया प्रसारित किया गया। सीसीटीवी फुटेज एवं साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण भी किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 04 दिन में शव की पहचान गैस कुमार जोशी (39 वर्ष), निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा के रूप में हुई।
हत्या की साजिश और तरीका:
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी कुसुम जोशी ने अपने मामा राजेश भारती एवं दो सुपारी किलर दारासिंह अनंत एवं करन अनंत के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। सुपारी किलरों से ₹40,000 में सौदा तय किया गया।
घटना वाले दिन पार्टी के बहाने मृतक को ग्राम दरचुरा बुलाया गया, जहां उसे अत्यधिक शराब पिलाई गई। नशे की हालत में मारपीट कर उसे बेहोश किया गया और कार क्रमांक CG-22-G-0128 से ग्राम मजगांव रेलवे लाइन के पास ले जाकर धारदार तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद धड़ रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया और सिर ग्राम डिग्गी में दबा दिया गया।
बरामदगी एवं कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कार, तलवार, मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। सभी 04 आरोपियों को 17.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम को इनाम:
इस अंधेकत्ल का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. दारासिंह अनंत (44 वर्ष), निवासी ग्राम डिग्गी, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर
2. करन अनंत (34 वर्ष), निवासी ग्राम बड़े जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर
3. राजेश भारती (32 वर्ष), निवासी ग्राम दरचुरा, थाना सिमगा – मामा ससुर
4. कुसुम जोशी (35 वर्ष), निवासी ग्राम भोथीडीह, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा – मृतक की पत्नी








