
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ खेलते-खेलते खुले सेप्टिक टैंक में गिरी 5 वर्षीय मासूम, मौत
मकान मालिक की लापरवाही बनी जानलेवा वजह
रायपुर | जय जोहार सीजी न्यूज़
राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मकान मालिक की गंभीर लापरवाही के चलते 5 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। खुले पड़े सेप्टिक टैंक ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ हमेशा के लिए छीन लीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान में सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए करीब एक सप्ताह पहले गड्ढा खुदवाया गया था, लेकिन सफाई कार्य पूर्ण होने के बावजूद गड्ढे को न तो ढंका गया और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई। इसी खुले सेप्टिक टैंक के गड्ढे में घर के पास खेल रही मासूम बच्ची गिर गई।
काफी देर तक बच्ची के नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची के सेप्टिक टैंक में गिरने की जानकारी मिली। आनन-फानन में बच्ची को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।
इस संबंध में मोवा थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि सेप्टिक टैंक की सफाई के बाद उसे लापरवाहीपूर्वक खुला छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि शहर में निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी आखिर कब तक लोगों की जान लेती रहेगी?








