
पत्रकारों व संगठन की महिला पत्रकारों को धमकी देने का आरोप, थाना में दिया गया आवेदन
जय जोहार सीजी न्यूज़ | संवाददाता : धीरेंद्र कुमार जायसवाल | 9131419735
तिल्दा नेवरा | रायपुर
अग्रवाल समाज भवन की बाउंड्री वॉल पर किए गए कथित अवैध कब्जे से संबंधित समाचार प्रकाशित होने के बाद पत्रकारों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में पत्रकार धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने थाना तिल्दा नेवरा में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

धीरेंद्र जायसवाल का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने से नाराज़ होकर अग्रवाल समाज भवन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल के पुत्र रवि अग्रवाल द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की जानकारी लेने जब राजू पाल (जोहार छत्तीसगढ़ – रायपुर ब्यूरो) अग्रवाल समाज भवन पहुँचे, तो उनके साथ भी अनिल अग्रवाल एवं पवन अग्रवाल द्वारा धमकी एवं अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया। इसी दौरान संगठन से जुड़ी दो महिला पत्रकारों के साथ बदसलूकी तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।

घटना के समय ग्राम पंचायत कोहका के उप-सरपंच प्रभु लाल बंजारे एवं पंच भानु यदु के मौके पर मौजूद होने की बात कही गई है। दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा घटनास्थल पर बयान दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले को लेकर थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है तथा निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

इधर, अवैध कब्जे के मामले को लेकर ग्राम पंचायत कोहका के उप-सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों द्वारा संबंधित विभाग में पृथक से लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया है। आवेदन में अग्रवाल समाज भवन की बाउंड्री वॉल से जुड़े कथित अवैध कब्जे की जांच एवं आवश्यक कार्यवाही की मांग की गई है।

बताया गया है कि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में तहसीलदार से बातचीत करने पर जानकारी मिली कि संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया जा रहा है, जो आज जारी हो जाएगा। नोटिस जारी होने के बाद जांच की प्रगति एवं प्रशासनिक कार्यवाही से संबंधित अगली खबर प्रकाशित की जाएगी।








