
संपादक धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ कोहका में दिनदहाड़े चोरी, घर से नकदी-जेवरात ले उड़े चोर…..
घटना के समय बिजली बंद, कई सीसीटीवी रहे बंद!
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहका में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दो अज्ञात युवक एक मकान का ताला तोड़कर नकदी एवं जेवरात चोरी कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोहका निवासी आशीष ध्रुव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे वे अपनी पत्नी के साथ निजी कार्य से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास गए हुए थे। घर में ताला लगाकर जाने के बाद जब वे लौटे, तो उनके घर के बाहर काली रंग की मोटरसाइकिल पर एक युवक खड़ा मिला। पूछताछ करने पर युवक ने स्वयं को किसी महिला समूह से जुड़ा बताते हुए अपने साथी का इंतजार करने की बात कही।
इसी दौरान जब आशीष और उनकी पत्नी घर का मुख्य ताला खोलने लगे, तभी सीढ़ी के रास्ते उनके ही घर से एक अन्य युवक कूदकर बाहर आया और दोनों युवक मोटरसाइकिल में सवार होकर मौके से फरार हो गए। दंपति द्वारा पीछा किए जाने के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी और संदूक के ताले टूटे हुए पाए गए, जिनमें रखा सामान चोरी होना सामने आया। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कितनी नकदी, सोना-चांदी व अन्य सामान चोरी हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तिल्दा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
गौरतलब है कि उसी दिन बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांव में विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई थी, जिसके कारण आसपास के कई सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इससे जांच में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।








