
शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच विवाद, पत्नी के चाकू के वार से पति की मौत
अत्यधिक रक्तस्राव के चलते अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
कोरबा। सुभाष कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अंकित सोनवानी की पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद चाकू लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अंकित सोनवानी शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी के दौरान पत्नी ने कथित तौर पर आवेश में आकर चाकू से पति के पैर पर वार कर दिया।
चाकू लगने के बाद अंकित के पैर से काफी रक्तस्राव होने लगा। परिजन उसे उपचार के लिए एसईसीएल चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोरबा के बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अंकित को पहले से रक्त संबंधी बीमारी थी। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव और रक्त का थक्का ठीक से नहीं जम पाने की स्थिति उसकी मौत की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना ने पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद और घरेलू कलह को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली कहासुनी कब हिंसक रूप ले ले, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। इस घटना में भी विवाद ने ऐसा रूप ले लिया, जिसकी परिणति एक युवक की मौत के रूप में हुई।
फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जय जोहार सीजी न्यूज़
संवाददाता — हरि देवांगन












