
धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार
खरोरा (रायपुर)। ग्राम मांठ में कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में खरोरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मांठ निवासी हेमंत सिंह मरावी ने थाना खरोरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुशांत ज्ञानिक एवं उसके सहयोगी पीयूष पटेल गांव के आदिवासी मोहल्ले में जाकर हिंदू धर्म एवं देवी-देवताओं के संबंध में अपमानजनक और भड़काऊ बातें करते थे तथा ग्रामीणों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित एवं दबाव बनाते थे।
शिकायत के आधार पर थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 302, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान प्रार्थी एवं अन्य ग्रामीणों के बयान लेने के बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सुशांत ज्ञानिक (40 वर्ष), निवासी न्यू पुरैना, थाना राजेंद्र नगर, रायपुर।
2. पीयूष पटेल (30 वर्ष), निवासी कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।













