
मिलावटी शराब मामले में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी जेल भेजे गए
बलौदाबाजार। संडी क्षेत्र में मिलावटी शराब विक्रय के मामले में आबकारी विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 10 जून को मदिरा दुकान मुड़पार संडी के सुपरवाइजर मुरली टंडन तथा नेतराम डहरिया के रिहायशी मकान पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान 360 पाव देशी मसाला शराब (64.8 बल्क लीटर), खाली शीशियां एवं ढक्कन जब्त किए गए। जब्त शराब का बाजार मूल्य लगभग 36 हजार रुपये आंका गया है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 59(क) एवं 36 के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
विभाग ने मदिरा दुकान के सुपरवाइजर मुरली टंडन को ब्लैकलिस्ट करने के लिए प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रायपुर को भी प्रस्ताव भेजा है।














