
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ तिल्दा में उग्र आंदोलन: ग्राम अल्दा के ग्रामीणों का चक्का जाम, SDM कार्यालय और थाना का घेराव
6 तारीख से धरने पर बैठे ग्रामीण, 7 तारीख को भी जारी रहा प्रदर्शन, मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
तिल्दा नेवरा, रायपुर |
तिल्दा नेवरा क्षेत्र के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत अल्दा के महिला एवं पुरुष बड़ी संख्या में 6 तारीख से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। यह आंदोलन 7 तारीख को भी दोपहर 3 बजे तक लगातार जारी रहा।
सोमवार को ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय तिल्दा पहुंचकर हाई स्कूल मार्ग पर चक्का जाम किया और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीण तहसील कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में प्रस्तावित एक प्लांट के लिए पूर्व सरपंच द्वारा फर्जी तरीके से एनओसी जारी की गई थी। इसे निरस्त करने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीण अपने साथ पानी की टंकी, गैस चूल्हा और खाने-पीने की सामग्री भी लेकर पहुंचे हैं, जिससे लंबे आंदोलन की तैयारी साफ नजर आ रही है।
स्थिति को देखते हुए नेवरा थाना, खरोरा थाना सहित आसपास के क्षेत्रों एवं रायपुर से भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जो सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।
दोपहर से शुरू हुआ यह प्रदर्शन शाम 6 बजे के बाद और उग्र हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण SDM कार्यालय पहुंच गए, जहां पहले से पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने SDM कार्यालय का घेराव कर SDM और तहसीलदार को बाहर निकलने से रोक दिया।
इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच कहासुनी की स्थिति बनी, जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर हाथापाई का आरोप लगाया। घटना से नाराज होकर ग्रामीणों ने तिल्दा नेवरा थाना का भी घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
देर रात तक थाना परिसर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ बनी रही और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।












