
धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ देवरी-घुलघुल में प्रस्तावित स्टील प्लांट का ग्रामीणों ने किया विरोध
तिल्दा-नेवरा (जय जोहार सीजी न्यूज़)।
तिल्दा तहसील अंतर्गत ग्राम देवरी-घुलघुल में प्रस्तावित अग्रसेन स्टील प्राइवेट लिमिटेड के स्टील प्लांट का ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। विरोध अब तेज होता जा रहा है और ग्रामीणों ने 8 अप्रैल को प्रस्तावित जनसुनवाई के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर स्पंज आयरन एवं पावर प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है, वह वर्षों से चारागाह के रूप में उपयोग में है, जहां आसपास के गांवों के मवेशी चरते हैं। ऐसे में प्लांट लगने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ेगा और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
पंचों एवं ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि पंचायत की ओर से कंपनी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं दिया गया है और न ही किसी प्रकार का समर्थन किया गया है। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत की सहमति के बिना इस प्रकार का कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जनसुनवाई रद्द नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। साथ ही मांग की गई है कि प्रस्तावित प्लांट को तत्काल निरस्त किया जाए और बिना ग्राम पंचायत की सहमति के कोई भी कार्यवाही न की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले दो महीनों से लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
👉 ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जनसुनवाई रद्द करने की मांग की है।












