
✍️ संवाददाता: धीरेंद्र कुमार जायसवाल/ करंट से अवैध शिकार का खुलासा: युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार
मैनपाट वन क्षेत्र में 11 केवी लाइन से बिछाया गया 1300 मीटर लंबा करंट जाल, सियार की भी मौत
📍 सरगुजा, 26 मार्च।
सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ अवैध शिकार के लिए बिछाए गए करंट के जाल में फंसकर एक युवक की मौत हो गई। घटना 25 मार्च 2026 की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मैनपाट परिक्षेत्र के बंदना परिसर अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-2355, स्थानीय नाम बड़ेरा जंगल में बिजली तार के करंट से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मिसर यादव (पिता- कांशी यादव), निवासी ग्राम मुड़गिडीह के रूप में हुई है। मौके पर एक सियार का शव भी मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह जाल वन्यजीवों के शिकार के लिए बिछाया गया था।
वन विभाग की जांच में सामने आया कि लगभग 1300 मीटर लंबा जीआई तार 11 केवी विद्युत लाइन से जोड़कर मड़ियाकोंना से घटना स्थल तक फैलाया गया था। यह पूरी साजिश सुनियोजित तरीके से रची गई थी।
वनमंडलाधिकारी सरगुजा के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी सीतापुर के मार्गदर्शन में वन अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान 6 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
👮 गिरफ्तार आरोपी:
जहर (70 वर्ष), जयपाल (45 वर्ष), निर्मल कुजूर (65 वर्ष), घुरसाय (38 वर्ष), विश्वनाथ (46 वर्ष) एवं श्यामसुंदर (25 वर्ष) — सभी अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
⚡ बरामदगी:
घटना स्थल से करंट वाला तार, खूंटी और मृत सियार जब्त किया गया।
⚖️ कानूनी कार्रवाई:
आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधन 2002) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।








