
संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, 5 वर्षीय बालक घायल, घर में घुसा वाहन
नशे में धुत चालक ने खोया नियंत्रण, घर और खड़ी कार को भी पहुंचा नुकसान, बड़ा हादसा टला
तिल्दा-नेवरा, 18 मार्च/ तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के पुरानी बस्ती स्थित जोता रोड में गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक 5 वर्षीय बालक घायल हो गया, जबकि वाहन अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 11 AB 1652 तिल्दा से जोता की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने जा रहे दोपहिया वाहन क्रमांक CG 04 NB 7974 को टक्कर मारते हुए सीधे एक मकान में घुस गया।
घटना के दौरान घर के पास खड़ी कार क्रमांक CG 04 HC 3885 भी ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दोपहिया वाहन पर सवार 5 वर्षीय बालक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे तत्काल मिशन अस्पताल तिल्दा में भर्ती कराया गया है। वहीं बालक के पिता को भी हाथ में चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक नशे की हालत में था और अचानक वाहन मोड़ने के दौरान संतुलन नहीं बना पाया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।








